जोर लगा के हैय्या! चलती MBMT बस अचानक हुई बंद, यात्रियों ने उतरकर लगाया धक्का
जोर लगा के हैय्या! चलती MBMT बस अचानक हुई बंद, यात्रियों ने उतरकर लगाया धक्का
मीरा-भाईंदर में मनपा की सार्वजनिक परिवहन सेवा MBMT एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। रामदेव पार्क इलाके में यात्रियों से भरी एक मनपा बस अचानक तकनीकी खराबी के चलते बीच सड़क पर बंद हो गई। बस को दोबारा चालू करने के लिए चालक ने काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार यात्रियों को बस से नीचे उतरकर उसे धक्का देकर सड़क के किनारे करना पड़ा।
व्यस्त समय में हुई इस घटना के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। वहीं बस में सफर कर रहे यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन की बसें बीच रास्ते में खराब होना गंभीर चिंता का विषय है।
पुरानी डीजल बसों पर उठ रहे सवाल
मीरा-भाईंदर मनपा की परिवहन सेवा में इलेक्ट्रिक बसों के साथ पुरानी डीजल बसें भी चल रही हैं। यात्रियों का आरोप है कि इन बसों में बार-बार तकनीकी समस्याएं सामने आने के बावजूद इनके रखरखाव और नियमित सर्विसिंग पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बसों के अचानक बंद होने से यात्रियों को बीच रास्ते में उतरना पड़ता है। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों को ऐसी स्थिति में अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
मेंटेनेंस व्यवस्था पर उठे सवाल
MBMT बसों में लगातार सामने आ रही तकनीकी खराबियों ने इनके रखरखाव की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि बसों को सड़क पर उतारने से पहले उनकी तकनीकी जांच और आवश्यक सर्विसिंग सुनिश्चित की जानी चाहिए।
इससे पहले भी परिवहन सेवा की बसों से जुड़ी तकनीकी घटनाएं सामने आने का दावा किया गया है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बसों की नियमित जांच और समय पर मरम्मत की मांग जोर पकड़ रही है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
यात्रियों ने मनपा प्रशासन से मांग की है कि खराब और पुरानी बसों की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए। इसके साथ ही नियमित मेंटेनेंस की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, ताकि बसें बीच सड़क पर बंद होने जैसी घटनाओं से यात्रियों को परेशानी न उठानी पड़े।
यात्रियों का सवाल है कि अगर सड़क पर दौड़ने वाली बसों की समय पर जांच और सर्विसिंग नहीं होगी, तो सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर भरोसा कैसे कायम रहेगा? अब देखना होगा कि इस घटना के बाद मनपा प्रशासन MBMT बसों के रखरखाव को लेकर क्या कदम उठाता है।

